Monday, November 11, 2019

इस तकनीक से सड़ रहे प्याज को मिलेगा सही दाम



इस तकनीक से सड़ रहे प्याज को मिलेगा सही दाम 

लखनऊ। अगर आपकी रसोई और घर में प्याज सड़ रहा है तो आप पंजाब के एक किसान के इजाद किए तरीके को अपना सकते हैं। जब प्याज सस्ता हो और आपके घर में सड़ने लगा हो, उस समय किसानों के सड़ रहे प्याज का सही भाव मिल सकें, राजविंदर सिंह राना ने एक ऐसी ही तकनीक की खोज की है।

राजविंदर पाल सिंह राना पंजाब के लुधियाना जिले से उत्तर दिशा में मदियानी गाँव के रहने वाले हैं। ये गाँव कनेक्शन संवाददाता को फोन पर बताते हैं, “जब बाजार में प्याज का भाव बहुत कम हो और प्याज सड़ रहा हो, उस समय किसान प्याज को सीधे न बेचकर उसको एग ट्रे में उगाकर प्याज बेच सकते हैं। हरे प्याज का भाव 40-60 रुपए प्रति किलो तक मिल जाता है। इससे किसानों को अच्छा फायदा होगा।” राजविंदर एग ट्रे में प्याज उगाना नासा की तकनीक मानते हैं।

 हर कोई अपनी किचन से में हरा प्याज उगा सकता है।
शोध कार्यों में दिलचस्पी रखने वाल राजविंदर ने घर में लगातार सड़ रहे प्याज पर शोध करना शुरू किया। ये बताते हैं, “हमने अपनी किचन में 10 खाली एग ट्रे में सात आठ किलो सड़ रहे प्याज को भरकर रख दिया। सप्ताह में दो बार इसमें पानी का छिड़काव किया, जिससे इसमें हरी पत्ती वाला प्याज निकलना शुरू हो गया। एक किलो प्याज में जितनें गुण पाए जाते हैं उतने ही गुण एक हरे पत्ती वाले प्याज में होते हैं।”

हर कोई एग ट्रे तकनीक का प्रयोग अपने किचन में सड़ रहे प्याज के लिए उपयोग कर सकता है। किसानों का सड़ रहे प्याज को कोई नहीं खरीदेगा लेकिन अगर वो किसान एग ट्रे में हरे प्याज को तैयार करके बेचते हैं तो उन्हें प्याज का भाव अच्छा मिल जाएगा।
एग ट्रे में हरा प्याज उगाना कोई एक दिन का काम नहीं बल्कि ये सालों साल चलने वाली प्रक्रिया है। इस तकनीक का उपयोग रसोई से लेकर बाजार तक किया जा सकता है। खासकर इस तकनीक का फायदा उन लोगों के लिए ज्यादा है जिनके पास मिट्टी का कोई साधन नहीं है।